सनराइजर्स हैदराबाद ने 5 करोड़ में खरीदा यह 'नायाब हीरा'

सनराइज़र्स हैदराबाद ने आईपीएल 11 के लिए अपनी टीम बेहद मज़बूत कर ली है। ऑक्शन में सनराइज़र्स हैदराबाद ने एक ऐसे खिलाड़ी पर पांच करोड़ रुपए का दांव लगाया है, जिस पर उसकी निर्वतमान फ्रेंचाइसी ने कोई तवज्जो नहीं दी थी।

रिदिमान साहा एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं 

यहां बात हो रही है रिद्दीमान साहा की, जिन्होंने आईपीएल से पहले मुखर्जी ट्रॉफी टी-20 मुकाबले में धमाकेदार बैटिंग करते हुए सिर्फ 20 गेंदों में शतक जड़ा डाला। साहा इससे पहले किंग्स इलेवन पंजाब में थे और उन्हें रीलीज़ कर दिया गया था।

साहा आईपीएल के एकमात्र बल्लेबाज़ हैं, जिसने आईपीएल के 10 साल के इतिहास में फाइनल मैच में शतक जमाया हो। 2014 के आईपीएल फाइनल में साहा ने किंग्स इलेवन पंजाब की ओर से खेलते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ केवल 55 गेंदों में 10 चौके और 8 छक्कों के साथ नाबाद 115 रन बनाए थे।

यह आईपीएल फाइनल में बनाया गया सबसे बड़ा स्कोर है। इस मैच में साहा चौथे नंबर पर बल्लेबाज़ी करने आए थे। साहा ने कई मौकों पर पंजाब के लिए बेहतरीन बल्लेबाज़ी की और विकेट के पीछे उनके दस्ताने बिलकुल सुरक्षित रहे जहां उन्होंने कई बल्लेबाज़ों को अपना शिकार बनाया। आईपीएल 11 के लिए पंजाब ने साहा में कोई लचस्पी नहीं दिखाई।



यह समझ में आता है कि हर किसी खिलाड़ी को रिटेन नहीं किया जा सकता, लेकिन जब साहा नीलामी में आए तो राइट यू कार्ड या उन पर बोली जैसी कोई कोशिश पंजाब की ओर से नहीं हुई। साहा एक करोड़ की बेस प्राइज़ के साथ नीलामी में आए जहां उन पर कोलकाता नाइटराडर्स ने बोली शुरू की और सनराइज़र्स हैदराबाद के साथ वे इसे 2.80 करोड़ तक ले गए। सनराइज़र्स हैदराबाद की ओर से 3 करोड़ रुपए की बोली आई जिस पर कोलकाता नाइट राइडर्स ने पैर पीछे खींच लिए।

यहां 3.20 करोड़ की बोली से मुंबई इंडियंस ने बोली शुरू क और यह टीम तब तक नहीं रुकी जब तक की कीमत 4.80 करोड़ रुपए नहीं पहुंच गई। यह मुंबई की अंतिम बोली थी। सनराइज़र्स हैदराबाद ने जब साहा कस लिए पांच करोड़ रुपए की आवाज़ लगाई तो इसी कीमत पर सौदा पट गया।

साहा बेहद उपयोगी प्लेयर हैं और अगर मुखर्जी ट्रॉफी में उनके 20 गेंदों के शतक को अलग भी कर दें और 2014 के आईपीएल फाइनल में खेली गई उनकी शतकीय पारी को थोड़ी देर के लिए पुरानी बात समझ लें तो भी आज किंग्स इलेवन पंजाब को पछतावा हो रहा है, क्योंकि साहा को उन्होंने छोड़ तो दिया पर उनके स्थान पर कोई विकेट कीपर नहीं खरीदा।



किंग्स इलेवन पंजाब में लोकेश राहुल विकेट कीपिंग का भार संभालेंगे। लोकेश राहुल पार्ट टाइम विकेट कीपर हैं और उनकी विकेट कीपर के रूप में कोई विशेष पहचान नहीं है। पंजाब में करुण नायर भी हैं, जो विकेट कीपिंग कर लेंते हैं। यूं तो डेविड मिलर, क्रिस गेल भी विकेट कीपर के दस्ताने पहन चुके हैं, लेकिन बात किसी विशेषज्ञ विकेट कीपर की है।

जो भी हो साहा की उपयोगिता अब सनराइजर्स हैदराबाद में देखने को मिलेगी। वैसे मुखर्जी ट्रॉफी में साहा की तूफानी पारी के बाद सनराइज़र्स हैदराबाद टीम बहुत खुश होगी। पांच करोड़ में सचमुच सनराइज़र्स हैदराबाद को हीरा मिल गया।



Comments